🔊
दुःखद: डोडा में सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिरी, 10 जवान शहीद, 11 घायल
डोडा (जम्मू-कश्मीर)।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 वीर जवानों की शहादत हो गई, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर के मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास हुआ। डोडा के डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने बताया कि सड़क पर जमी बर्फ के कारण वाहन फिसल गया, जिससे चालक का नियंत्रण टूट गया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
सेना के अधिकारियों के अनुसार, वाहन में कुल 21 जवान सवार थे, जो डोडा से ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे। फिलहाल शहीद और घायल जवानों के गृह राज्यों की जानकारी साझा नहीं की गई है।
खतरनाक इलाका और मौसम बना चुनौती
भद्रवाह-चंबा मार्ग जम्मू-कश्मीर को हिमाचल प्रदेश से जोड़ता है। यह इलाका ऊंचे पहाड़ों, गहरी खाइयों और संकरी सड़कों के लिए जाना जाता है। खन्नी टॉप क्षेत्र समुद्र तल से लगभग 9,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, जहां मौसम अचानक बदल जाता है। बर्फबारी के बाद यह मार्ग अत्यंत जोखिमभरा हो जाता है।
देशभर से शोक संवेदनाएं
इस हादसे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि देश ने अपने वीर सपूतों को खोया है और शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया।