🔊
उत्तराखंड का गौरव: सूरज मेहरा भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बने, परेड कमांडर व बेस्ट स्टूडेंट का खिताब हासिल
पिथौरागढ़ जनपद के बेरीनाग तहसील मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर उडियारी गांव के निवासी सूरज मेहरा पुत्र नारायण सिंह महरा ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
केरल के कन्नूर में तीन वर्ष के कठिन प्रशिक्षण के बाद हुए पासिंग आउट परेड में सूरज ने परेड कमांडर की भूमिका निभाई और बेस्ट स्टूडेंट का सम्मान भी प्राप्त किया। इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी उनके पिता पूर्व सैनिक नारायण सिंह महरा और माता विमला देवी भी बने।
सूरज ने 12वीं कक्षा तक की शिक्षा हिमालया इंटर कॉलेज चौकोड़ी, पिथौरागढ़ से पूरी की। स्कूल समय से ही मेधावी रहे सूरज ने हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में मेरिट में स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने पहले ही प्रयास में NDA की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का प्रमाण दिया। कोविड काल में बिना किसी कोचिंग के स्वअध्ययन द्वारा NDA क्वालीफाई करना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण है।
सूरज ने बताया कि उन्हें बचपन से ही कॉलेज के संरक्षक चंद्र सिंह कार्की और देवबाला बिष्ट से NDA में जाने की प्रेरणा मिली। परिवार में सैन्य परंपरा भी रही है-सूरज के दादा जीत सिंह महरा भी पूर्व सैनिक रहे हैं।
सूरज की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।