🔊
यूकेडी ने युवा प्रकोष्ठ को दी नई ऊर्जा - अमित बिनवाल को चंपावत, धर्मवीर नेगी को अल्मोड़ा और हरीश तिवारी को नैनीताल की सौंपी कमान, फील्ड मार्शल दिवाकर भट्ट श्रद्धांजलि यात्रा लोहाघाट पहुँची; युवाओं को अधिक संख्या में जोड़ने की रणनीति पर जोर।
लोहाघाट। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की फील्ड मार्शल दिवाकर भट्ट को समर्पित श्रद्धांजलि यात्रा शुक्रवार को लोहाघाट पहुँची, जहाँ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने राज्य आंदोलन के इस महानायक को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी दौरान यूकेडी युवा प्रकोष्ठ ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए तीन जिलों में नई जिम्मेदारियाँ सौंपीं। केंद्रीय उपाध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) कुलदीप रावत के हस्ताक्षर से जारी नियुक्ति पत्र में अमित बिनवाल को चंपावत जिला अध्यक्ष, धर्मवीर नेगी को अल्मोड़ा जिला अध्यक्ष, और हरीश तिवारी को नैनीताल जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यूकेडी युवाओं के साथ संगठनात्मक ढांचे को ग्राम स्तर तक विस्तार देने की तैयारी में है।
इस दौरान नई नियुक्तियों को संगठन की मजबूती का अहम कदम बताया गया और कहा गया कि युवा शक्ति के बिना आंदोलन और संगठन दोनों अधूरे हैं। नए जिलाध्यक्षों के साथ यूकेडी को नई दिशा और गति मिलेगी। श्रद्धांजलि यात्रा के विभाग क्षेत्र में पहुँचने पर राजू भय्या आदि कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। वक्ताओं ने दिवाकर भट्ट के संघर्षों और राज्य आंदोलन में उनके अप्रतिम योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी सोच को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
फोटो कैप्शन। चंपावत जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर अमित बिनवाल का स्वागत करते यूकेडी कार्यकर्ता।