🔊
लोहाघाट में बनेगी अत्याधुनिक BPHU लैब - मुख्यमंत्री के जन-केन्द्रित मॉडल को मिल रही रफ्तार जिलाधिकारी ने किया निर्माणाधीन बीपीएचयू लैब का निरीक्षण, 45 लाख से तैयार हो रहा आधुनिक स्वास्थ्य ढांचा
चम्पावत 12 दिसंबर, 2025 सूवि।
लोहाघाट में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) लैब का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श चम्पावत 2030 परिकल्पना के तहत जनपद में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढाँचे को आधुनिक बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा 45 लाख रुपए की लागत से बन रही BPHU लैब का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निर्माण इकाई (CNDS) से निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कार्य समय-सीमा में और सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बीपीएचयू लैब बन जाने से लोहाघाट व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को विभिन्न प्रकार की जांचों के लिए अब बाहर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे ग्रामीण आबादी को त्वरित, विश्वसनीय और सुलभ जांच सेवाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि लैब के संचालन से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। कई महत्वपूर्ण जांचें, जिन्हें अभी बाहर जाकर कराना पड़ता है, अब बीपीएचयू लैब में ही उपलब्ध होंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच और अधिक मजबूत होगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी श्रीमती नीतू डांगर, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद लोहाघाट श्री सौरभ नेगी सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: