🔊
बड़ी खबर -कैंची धाम के पास सड़क हादसा, श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो खाई में गिरी, तीन की मौत, पांच घायल
नैनीताल।
पीलीभीत से कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो अल्मोड़ा–भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगलाट के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
कोतवाली भवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि वाहन में कुल आठ श्रद्धालु सवार थे। घायलों में ऋषि पटेल (7), स्वाति (20), अक्षय (20), करन (25) और राहुल पटेल (35) शामिल हैं।
सीएचसी भवाली के चिकित्सक डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंगा देवी (56), नैंसी गंगवार (24) और बृजेश कुमारी (26) की मृत्यु हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल पांचों लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।