🔊
उत्तराखंड के वन प्रमुख रंजन कुमार मिश्रा करेंगे चंपावत जिले का तीन दिवसीय दौरा, 27 दिसंबर को चंपावत वन प्रभाग के स्थापना दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल, इको टूरिज्म परियोजनाओं का करेंगे निरीक्षण, मुख्यमंत्री के मॉडल जिला चंपावत में वन विभाग का अहम पद खाली, डीएफओ विहीन बीते तीन माह।
चंपावत। उत्तराखंड वन विभाग के प्रमुख (हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स) रंजन कुमार मिश्रा 26 से 28 दिसंबर तक चंपावत जिले के तीन दिवसीय भ्रमण पर रहेंगे। उनके दौरे की शुरुआत 26 दिसंबर को रामनगर से होगी। रामनगर में रात्रि विश्राम के बाद 27 दिसंबर को वे चंपावत पहुंचकर चंपावत वन प्रभाग के स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
इसके उपरांत श्री मिश्रा जिले में संचालित इको टूरिज्म एवं वन आधारित विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। भ्रमण कार्यक्रम के तहत जिम कार्बेट ट्रेल, बस्तियां क्षेत्र में पौधारोपण, मॉडल क्रूज स्टेशन, शारदा कॉरिडोर, ठुलीगाड़, खलडूंगा सहित विभिन्न इको टूरिज्म साइटों का अवलोकन प्रस्तावित है। बूम क्षेत्र में शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत विकसित इको टूरिज्म परियोजना का भी निरीक्षण किया जाएगा।
दौरे के दौरान वन प्रमुख जिले के वन क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, वन आधारित रोजगार, स्थानीय आजीविका से जुड़ी योजनाओं तथा इको टूरिज्म के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण के प्रयासों की समीक्षा करेंगे। हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स के पद पर तैनाती के बाद चंपावत मॉडल जिले का यह उनका पहला भ्रमण माना जा रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के परिकल्पना के मॉडल जिले पिछले तीन माहों से वन विभाग का डीएफओ जैसा महत्वपूर्ण पद रिक्त चला आ रहा है, तथा उधार पर इस पद पर व्यवस्था की गई है। प्रभाग का अपना डीएफओ न होने से वन प्रबंधन और योजनाओं के क्रियान्वयन पर असर पड़ने की चर्चाएं हैं। ऐसे में वन प्रमुख का यह दौरा प्रशासनिक और विकासात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वन प्रमुख के आगमन को लेकर चंपावत वन विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है।
फोटो - रंजन कुमार मिश्रा