🔊
चम्पावत के यादव सिंह बोहरा निकले वैष्णो देवी की पैदल यात्रा पर, सामाजिक संदेश के साथ, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर 1100 किमी नंगे पांव पदयात्रा
टनकपुर/जसपुर (चम्पावत)।
उत्तराखंड जनपद चम्पावत के ग्राम अमौन निवासी यादव सिंह बोहरा इन दिनों एक विशेष उद्देश्य को लेकर नंगे पांव पैदल यात्रा पर हैं। वे श्री माता वैष्णो देवी (जम्मू-कश्मीर) की ओर लगभग 1100 किलोमीटर लंबी पदयात्रा कर रहे हैं।
यादव सिंह बोहरा ने बताया कि उनकी यह यात्रा गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने तथा गरीब और वंचित लोगों को मंदिरों में सम्मान और समान अधिकार दिलाने की मांग को लेकर है। उन्होंने यह पदयात्रा पूर्णतः नंगे पांव शुरू की है, जिसे वे लगभग दो माह में पूर्ण करने का संकल्प लेकर चले हैं। उनका प्रतिदिन लगभग 50 किलोमीटर चलने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों का समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। वर्तमान में वे जसपुर पहुंच चुके हैं। जगह-जगह सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं द्वारा उनका स्वागत किया जा रहा है।
यादव सिंह बोहरा का कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सनातन संस्कृति की रक्षा का संदेश भी है। वे चाहते हैं कि समाज में सभी को समान सम्मान मिले और गौ माता के संरक्षण को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्रदान की जाए।