🔊
अंकिता प्रकरण पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा का कांग्रेस पर हमला, लोहाघाट में पुतला दहन, भाजपा सरकार व नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार का आरोप, कहा अस्तित्व बचाने को कांग्रेस रच रही षड्यंत्र।
लोहाघाट। उत्तराखंड में अंकिता हत्याकांड को लेकर जारी राजनीतिक आरोप–प्रत्यारोप के बीच शनिवार को भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मोर्चा के जिला अध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोहाघाट के वीर कालू सिंह महरा चौराहे पर कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष सूरज कुमार ने कांग्रेस पर भाजपा सरकार और भाजपा नेताओं के विरुद्ध दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का अस्तित्व समाप्ति की ओर है और अपना राजनीतिक वजूद बचाने के लिए कांग्रेस अनुसूचित जाति की महिला को मोहरा बनाकर भाजपा नेताओं के खिलाफ अनर्गल व बेबुनियादी आरोप लगा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। सूरज कुमार ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने निष्पक्ष जांच कराई, दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाई गई और वे आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे हैं। इसके बावजूद कांग्रेस इस संवेदनशील मामले को मुद्दाविहीन राजनीति का हथियार बनाकर धामी सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रही है, जिसका भाजपा अनुसूचित मोर्चा कड़ा विरोध करता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस अपने मनसूबों में कभी सफल नहीं होगी, क्योंकि प्रदेश की जनता सच्चाई जानती है। साथ ही कहा कि यदि किसी के पास ठोस साक्ष्य हैं तो उन्हें राजनीतिक मंचों पर बयानबाजी करने के बजाय माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए।
पुतला दहन कार्यक्रम में अनुसूचित मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, दीपक कुमार टम्टा, आयुष कुमार, अशोक कुमार, विपिन कुमार, कमल किशोर, भैरव, लोहित खोलिया, गौरव पांडे, मंडल अध्यक्ष गिरीश कुवर, सभासद आरती गोरखा, बलवंत गिरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजू अधिकारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो - लोहाघाट में वीर कालू सिंह महरा चौराहे पर कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन करते भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता।