🔊
लम्बे समय से फरार अभियुक्त गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर ₹12 लाख की धोखाधड़ी का मामला
जनपद चम्पावत में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लोहाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नौकरी दिलाने के नाम पर ₹12 लाख की धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्री अजय गणपति के आदेशानुसार चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत वादी श्री हिमांशु भट्ट, निवासी खेतीखान, थाना लोहाघाट द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना लोहाघाट में एफआईआर संख्या 10/2025, धारा 420 भा.दं.वि. के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि अभियुक्तों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹12,00,000 की ठगी की।
विवेचना के दौरान क्षेत्राधिकारी चम्पावत श्री शिवराज सिंह राणा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना लोहाघाट श्री अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी, पतारसी एवं सर्विलांस के माध्यम से कार्रवाई की गई। नामजद अभियुक्त बलवीर सिंह तथा सचिन जोशी उर्फ पप्पु जोशी को धारा 35(3) BNSS के अंतर्गत नोटिस तामील कराया गया।
विवेचना में प्रकाश में आए एक अन्य अभियुक्त विमल सिंह महरा पुत्र दरबान सिंह, निवासी ग्राम त्यारसों सलान, पोस्ट खेतीखान, थाना लोहाघाट, जो लंबे समय से वांछित चल रहा था, के विरुद्ध माननीय न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया गया। पुलिस टीम ने अभियुक्त को शांति कुंज, गली नंबर-02, थाना घोड़सी, गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
अपर उप निरीक्षक धर्मेन्द्र प्रसाद, थाना लोहाघाट
हेड कांस्टेबल वजीर चन्द्र, थाना लोहाघाट
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: