🔊
हरीश रावत का भाजपा पर तीखा हमला, गोल्ज्यू मंदिर में अर्जी लगाने का किया ऐलान
लोहाघाट (चंपावत):
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसके तीन वर्षों के कार्यकाल को पूरी तरह निराशाजनक करार दिया। लोहाघाट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रावत ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों से पूरी तरह कट चुकी है और जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय झूठे आरोपों की राजनीति कर रही है।
हरीश रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके और कांग्रेस के खिलाफ दो बड़े झूठ फैलाए हैं — पहला, 2017 में कांग्रेस सरकार द्वारा शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए छुट्टी देने का आरोप, और दूसरा, 2022 में उत्तराखंड में मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने की साजिश का आरोप। उन्होंने कहा कि इन झूठे अभियोगों के खिलाफ वह चंपावत स्थित गोल्ज्यू मंदिर में अर्जी लगाएंगे और न्याय की गुहार करेंगे।
रावत ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों की अनदेखी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए चुनावी वादे आज भी अधूरे पड़े हैं और प्रदेश की आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन कठायत भी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी दिखाई दी सक्रियता
लोहाघाट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने वीर कालू माहरा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न गांवों से आए होल्यारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और खड़ी होली की परंपरा को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं द्वारा प्रस्तुत झोड़ा नृत्य में भी सहभागिता दिखाई।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: