🔊
ब्रेकिंग न्यूज़: उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल भर्ती की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी, 12 जनवरी से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने पुलिस विभाग में आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) एवं आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष) के कुल 2000 पदों पर चल रही भर्ती के अंतर्गत अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट स्क्रूटनी) के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची तथा संशोधित उत्तर-कुंजी जारी कर दी है।
यह भर्ती विज्ञापन संख्या 65/उ०अ०से०च०आ०/2024 (दिनांक 30 अक्टूबर 2024) के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। आयोग द्वारा इन पदों के लिए शारीरिक माप-जोख एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा 24 फरवरी 2025 से 04 अप्रैल 2025 तक आयोजित की गई थी, जबकि लिखित परीक्षा 03 अगस्त 2025 को संपन्न हुई थी।
हाईकोर्ट से मिली हरी झंडी के बाद जारी हुई सूची
उल्लेखनीय है कि इस भर्ती प्रक्रिया के परिणाम पर माननीय उच्च न्यायालय में दायर याचिका संख्या 2271/2024 (रोशन सिंह व अन्य बनाम उत्तराखंड राज्य) के कारण रोक लगी हुई थी। माननीय न्यायालय द्वारा 19 दिसंबर 2025 को दिए गए आदेश के बाद आयोग को परिणाम जारी करने की अनुमति मिली, जिसके पश्चात अब प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी की गई है।
12 जनवरी से होगा अभिलेख सत्यापन
आयोग ने जानकारी दी है कि औपबंधिक श्रेष्ठता सूची में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 12 जनवरी 2026 (सोमवार) को आयोग कार्यालय में प्रस्तावित है। चयन प्रक्रिया के तहत आयोग ने कुल रिक्त पदों के सापेक्ष लगभग 1.5 गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए आमंत्रित किया है।
आयोग का महत्वपूर्ण निर्देश
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह सूची केवल अभिलेख सत्यापन के लिए औपबंधिक है, इसे अंतिम चयन सूची न माना जाए। अंतिम परिणाम अभिलेखों की पूर्ण जांच के बाद ही घोषित किया जाएगा।
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर अपना नाम, प्रोविजनल मेरिट लिस्ट एवं संशोधित उत्तर-कुंजी देख सकते हैं।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: