🔊
टनकपुर में एडवेंचर स्पोर्ट्स को मिलेगा नया आयाम, अंतरराष्ट्रीय निवेश को बढ़ावा देने की तैयारी
चम्पावत, 24 अप्रैल 2025:
उत्तराखंड के टनकपुर क्षेत्र को जल्द ही एडवेंचर स्पोर्ट्स का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में राज्य के नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम् ने 24 अप्रैल को टनकपुर का दौरा किया और संभावित निवेश के लिए क्षेत्रीय स्थलों का निरीक्षण किया।
डॉ. सुन्दरम् ने एनएचपीसी गेस्ट हाउस, बनबसा में अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़े खिलाड़ियों के साथ बैठक की, जिसमें ए जे हैकेट और डेनियल जैसे प्रमुख निवेशकों की सहभागिता रही। बैठक के उपरांत उन्होंने शारदा बैराज क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
शारदा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित नाइक गोठ, किरौड़ा नाला और चूका बीच जैसे स्थलों का उन्होंने हवाई सर्वेक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने एडवेंचर स्पोर्ट्स व ऐयरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं पर गहन चर्चा की और बताया कि राज्य सरकार इस क्षेत्र को वैश्विक निवेश के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर का एडवेंचर स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अहम दौरे में टनकपुर के उप जिलाधिकारी आकाश जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, प्र मत्स्य निरीक्षक कुंवर सिंह बगड़वाल, शारदा कॉरिडोर और एनएचपीसी के अधिकारी भी शामिल रहे।
सरकार की इस पहल से टनकपुर क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नया बल मिलने की उम्मीद है।