🔊
हरकी पैड़ी व गंगा घाटों पर प्रवेश प्रतिबंध की तैयारी पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति।
हरिद्वार। हरकी पैड़ी एवं गंगा घाटों पर कथित रूप से अहिंदुओं के प्रवेश को लेकर राज्य सरकार द्वारा की जा रही तैयारियों पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस ने इसे सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब के खिलाफ बताया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के बयान का समर्थन करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव श्री आनंद सिंह माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जिनसे समाज में अनावश्यक विभाजन और तनाव की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति सदैव सर्वसमावेशी रही है, जहां सभी धर्मों के लोग आस्था और मर्यादा के साथ तीर्थस्थलों पर दर्शन-पूजन करते रहे हैं।
आनंद सिंह माहरा ने कहा कि आगामी अर्धकुंभ एवं विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस प्रकार के मुद्दों को उछालना राजनीतिक ध्रुवीकरण का प्रयास है। यह न केवल उत्तराखंड की सामाजिक एकता के विपरीत है, बल्कि प्रदेश की साझा सांस्कृतिक विरासत को भी नुकसान पहुंचाने वाला कदम है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करती है, लेकिन किसी भी कीमत पर समाज को बांटने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस ऐसे किसी भी निर्णय का शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।