🔊
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ऋषिकेश चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बताया संतोषजनक
ऋषिकेश, 25 अप्रैल 2025:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण कार्यालय, पूछताछ केंद्र, चिकित्सालय, पुलिस सहायता केंद्र सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और तैयारियों को संतोषजनक बताया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व ट्रांजिट कैंप में 24 घंटे पंजीकरण की सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों — पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, नगर निगम, पर्यटन, विद्युत व जल संस्थान — का एक संयुक्त हेल्पडेस्क सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में कार्य करे ताकि श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम सभी को श्रद्धालुओं का सहयोगी बनकर यात्रा को सफल बनाना है। श्रद्धालु उत्तराखंड से एक सुखद अनुभव लेकर जाएं, यही हमारी प्राथमिकता है।”
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में गर्मी से बचाव के लिए कूलर, टीन शेड, स्वच्छ पेयजल व बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में सभी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों की 24 घंटे तैनाती पर भी जोर दिया। साथ ही भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था हेतु विशेष कार्य योजना बनाने को कहा।
सूचना, सुरक्षा और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भजन, रामायण, महाभारत, चारधाम यात्रा की कहानियां और मौसम संबंधी जानकारी प्रसारित करने की भी व्यवस्था कराने को कहा।
उन्होंने रिसेप्शन में यात्रा प्रचार सामग्री, स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए अलग स्थान और खोया-पाया केंद्र को संपूर्ण यात्रा मार्ग से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
कर्मचारियों से मुलाकात कर बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप के कर्मचारियों से भी मुलाकात की और उन्हें जिम्मेदारी का बोध कराते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी को अपने व्यवहार से श्रद्धालुओं का स्वागत करना है ताकि वे यात्रा से अच्छा अनुभव लेकर लौटें।
आयुक्त गढ़वाल ने दी जानकारी
गढ़वाल मंडल के आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय ने बताया कि ट्रांजिट कैंप में 24 काउंटर के माध्यम से पंजीकरण व्यवस्था की गई है और रिजर्व टीमें भी तैनात की गई हैं। चिकित्सा सुविधा 24 घंटे उपलब्ध होगी। पुलिस सहायता केंद्र में पब्लिक एड्रेस सिस्टम, मीडिया सेंटर, यात्री मित्र और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा निःशुल्क भोजन व जलपान की व्यवस्था की गई है।
मंत्रियों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, विधायक श्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, विधायक श्रीमती रेणु बिष्ट, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।