🔊
हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: दो कारों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग, एक की मौत, पांच घायल
हल्द्वानी, उत्तराखंड — हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में प्रतापपुर मोड़ के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार में आ रही दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में झूलाघाट (पिथौरागढ़) निवासी एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों में तुरंत आग पकड़ ली। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल एक कार उत्तर प्रदेश नंबर की थी, जबकि दूसरी कार पिथौरागढ़ से आ रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।