🔊
पूर्णागिरि धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन पलटा, दादी-पोती की दर्दनाक मौत
खटीमा (उत्तराखंड)।
मां पूर्णागिरि धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की वैन खटीमा बाईपास के पास एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वैन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दादी और पोती की मौत हो गई, जबकि सात अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे बिगराबाग के पास पहेनिया-कुटरी बाईपास पर हुई। यूपी के कासगंज जिले के नौ श्रद्धालु वैन से टनकपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने अचानक एक बाइक आ गई। चालक ने टक्कर से बचने के प्रयास में वैन से नियंत्रण खो दिया और वाहन गड्ढे में गिर गया।
राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। मौके पर कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी अपनी टीम के साथ पहुंचे और घायलों को 108 एंबुलेंस से खटीमा उप जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में गुड्डो देवी (61) और उनकी पोती आशी (11) की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अभि (17) को पीलीभीत स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में नीरज गरिमा (27), अथर्व (9), राहुल (30), आदित्य (14), वाहन चालक सूरज सिंह और रामेश्वर शामिल हैं।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। दोनों शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।