🔊
ऑपरेशन मुक्ति: चंपावत पुलिस ने 16 बच्चों को दिलाया स्कूल में दाखिला, चेहरों पर लौटी मुस्कान
चंपावत, 30 अप्रैल 2025:
उत्तराखंड पुलिस द्वारा संचालित "ऑपरेशन मुक्ति" अभियान के तहत जनपद चंपावत में शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है। अभियान के दूसरे चरण में चंपावत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने 16 स्कूली बच्चों का दाखिला विभिन्न विद्यालयों में कराया।
यह कार्य पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी श्री शिवराज सिंह राणा के पर्यवेक्षण में किया गया। प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत के नेतृत्व में AHTU टीम द्वारा उन बच्चों को चिन्हित किया गया, जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से विद्यालय नहीं जा पा रहे थे या ड्रॉपआउट हो चुके थे।
सार्थक पहल और मानवीय प्रयास
टीम द्वारा बच्चों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। परिणामस्वरूप, आज 16 बच्चों का विभिन्न विद्यालयों में दाखिला सुनिश्चित किया गया। टीम ने इन बच्चों को कॉपी-किताबें, स्टेशनरी, स्कूल बैग जैसी आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की है।
पुलिस टीम का सहयोग
इस अभियान में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल राजेंद्र भट्ट, राम सिंह, कांस्टेबल राकेश प्रसाद, जगदीश और सुभाष जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उत्साह और आशा की लहर
इस मानवीय प्रयास से बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। बच्चे स्कूल जाने को लेकर उत्साहित हैं और अभिभावकों ने भी पुलिस की इस संवेदनशील पहल के लिए आभार जताया है। अब तक जनपद चंपावत में ऑपरेशन मुक्ति के अंतर्गत 78 बच्चों का स्कूल में दाखिला कराया जा चुका है।
स्थायी निगरानी
पुलिस टीम समय-समय पर इन बच्चों से संपर्क में रहेगी, ताकि उनकी किसी भी समस्या का समाधान किया जा सके और वे पढ़ाई से वंचित न हों।
एएचटीयू यूनिट – शारदा बैराज, बनबसा, चंपावत
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: