🔊
हाईस्कूल छात्र की खाई में मिली लाश, मौत से पहले दोस्त को भेजी थी लोकेशन: आत्महत्या या हत्या?
नैनीताल। शहर के प्रतिष्ठित सेंट जोसेफ्स स्कूल के हाईस्कूल छात्र रोहन बोरा का शव एक गहरी खाई में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोहन बुधवार को आईसीएसई परीक्षा में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुआ था और अगले दिन वह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा।
रोहन का शव ग्राम पंचायत घुग्घूसिगड़ी से सात किलोमीटर आगे कुंजखड़क के पास चीड़ फीजन स्थल की गहरी खाई में मिला। शव के पास किराए पर ली गई बाइक भी बरामद हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि छात्र ने मौत से पहले अपने दोस्त को व्हाट्सएप पर उस स्थान की फोटो भेजी थी, जिससे पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
शव खाई में इतनी गहराई पर था कि उसे देखने के लिए स्थानीय बर्ड वॉचिंग गाइडों के टेलीस्कोप की मदद ली गई। बाद में एसडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
रोहन के पिता बजून गांव के ग्राम प्रधान हैं, जिससे इस घटना ने और भी गंभीर रूप ले लिया है। परिजनों व ग्रामीणों की मांग है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
फिलहाल पुलिस मोबाइल रिकॉर्ड, मैसेज और लोकेशन की जांच कर रही है। घटना आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश, यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।