🔊
नैनीताल में नाबालिक बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी के घर को तोड़ने का नोटिस हुआ चस्पा
नैनीताल में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी
नैनीताल, 1 मई 2025 — नैनीताल में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसके घर पर अतिक्रमण हटाने का नोटिस चस्पा किया है। यह कार्रवाई नगरपालिका, पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग और जिला विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
निरीक्षण के दौरान यह संज्ञान में आया कि आरोपी ने नगर पालिका और वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा किया है। प्रशासन ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यह कार्य उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 के नियमों का उल्लंघन है। आरोपी को 3 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने या अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है, अन्यथा विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को नैनीताल में हाल ही में घटी जघन्य घटना के बाद उठाए गए सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी रोष है, और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है।
नगरपालिका अभियंता सिमी जिवर द्वारा जारी इस नोटिस की प्रतिलिपि थाना मल्लीताल को भी भेजी गई है ताकि आवश्यक पुलिस सहायता सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए न सिर्फ सख्त कार्रवाई की जाएगी, बल्कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान तेज किया जाएगा।
बताते चलें कि नैनीताल में नाबालिग से बुजुर्ग के दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा ऐसा फूटा कि लोग सड़क पर ही बदला लेने के लिए आमादा हो गए। दूसरे दिन भी शहर वासियों में आक्रोश है। कई संगठनों के साथ ही जिला कोर्ट के अधिवक्ताओं ने भी घटना के विरोध में सड़क पर उतरकर जुलूस निकाला। तल्लीताल पहुंची संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, आक्रोशित जनता ने कमिश्नरी में पहुंचकर कमिश्नर दीपक रावत को ज्ञापन सौंपा। वहीं, नैनीताल में लॉकडाउन जैसा माहौल है, पर्यटक भागने को मजबूर हो रहा है। शहर में रिक्शा संचालन, रेस्टोरेंट व दुकानें भी बंद है।
वहीं, बच्ची से दरिंदगी के आरोपी को हल्द्वानी जजी कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के दौरान आरोपी को देख अधिवक्ताओं ने हंगामा किया। आरोपी को कोर्ट तक ले जाने में पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस ने आरोपी उस्मान को बमुश्किल कोर्ट तक पहुंचाया। कोर्ट ने उस्मान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।