🔊
भावुक विदाई: प्राथमिक विद्यालय जजोली की शिक्षिका सुमन बनकोटी हुईं सेवानिवृत्त।
गंगोलीहाट। प्राथमिक विद्यालय जजोली में तैनात शिक्षिका श्रीमती सुमन बनकोटी की सेवानिवृत्ति पर विद्यालय परिसर में भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य वीरेंद्र रावल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में HGVS के अध्यक्ष एवं उत्तराखंड गौरव से सम्मानित राजेंद्र बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सुमन बनकोटी के लंबे सेवाकाल और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम का संचालन त्रिभुवन बिष्ट द्वारा किया गया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने सुमन बनकोटी के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। सभी ने उनके कार्य को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि उन्होंने विद्यालय में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल है।
विदाई के इस भावुक पल में प्रधानाचार्य वीरेंद्र रावल अपने आंसू नहीं रोक पाए। अपने सहयोगी के सम्मान में बोलते हुए वे कई बार भावुक हो गए और कुछ क्षणों के लिए शब्द भी थम गए। यह दृश्य देख उपस्थित लोग भी भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं, जिसने माहौल को भावनात्मक के साथ-साथ उत्साहपूर्ण भी बना दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में वीरेंद्र रावल ने कहा, सुमन जी का जाना विद्यालय के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका समर्पण और कार्यशैली हम सभी के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेगी।