🔊
पूर्णागिरि धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र, पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने की पूजा-अर्चना, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे भंडारे, प्रशासन पूरी तरह सतर्क।
टनकपुर। क्षेत्र स्थित मां पूर्णागिरि धाम में इन दिनों आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ रहा है। दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और जय मां पूर्णागिरि के जयकारों के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। ककराली गेट से लेकर लगभग 19 किलोमीटर तक का मार्ग श्रद्धालुओं की आवाजाही से भरा हुआ है, जहां बड़ी संख्या में भक्त पैदल चलकर मां के दरबार तक पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में आज गदरपुर के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने भी मां पूर्णागिरि के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने उत्तराखंड सहित पूरे देश के लोगों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे लाखों लोगों की आस्था को सुगमता मिल रही है।
वहीं ठूलीगाड़ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं। इन भंडारों में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं, जिससे सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है।
मेला प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी द्वारा लगातार पूरे मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। वहीं पुलिस बल भी जगह-जगह तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए हुए है, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है। इसके अलावा प्रशासन द्वारा मेले को और अधिक व्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्थानों से आने वाले श्रद्धालुओं से सुझाव भी आमंत्रित किए जा रहे हैं। मेला मजिस्ट्रेट के अनुसार इन सुझावों के आधार पर भविष्य में वर्षभर मेला संचालित करने की योजना को और प्रभावी बनाया जाएगा।
रेल मार्ग से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु टनकपुर पहुंच रहे हैं, जहां से वे मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं। कुल मिलाकर इस समय पूरा क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है।
फोटो - मां पूर्णागिरि के दरबार में प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना करते पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे।