🔊
सीएम विवेकाधीन कोष पर बड़ा सवाल, आरटीआई से खुलेंगे राज, चुनाव में बनेगा मुद्दा।
चंपावत। सबका विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र उत्तराखंडी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के वितरण को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है। उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत 31 मार्च 2020 से 31 मार्च 2026 तक चंपावत जिले में इस कोष से किन-किन लोगों को, किस आधार पर और कितनी धनराशि दी गई इसकी पूरी जानकारी मांगी है। हल्द्वानी में किसान मंच द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि मॉडल जिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दी गई राहत सहायता को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य पहले ही सामने आ चुके हैं। उनका आरोप है कि यह कोष वास्तव में जरूरतमंद लोगों के लिए होता है, लेकिन जिन नामों की चर्चा सामने आई है, उनमें कई ऐसे लोग शामिल हैं जिन्हें बिना ठोस कारण के लाखों रुपये दे दिए गए।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर वास्तविक जरूरतमंदों को महज 2 से 4 हजार रुपये देकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, जो गंभीर सवाल खड़े करता है।
डॉ. उत्तराखंडी ने स्पष्ट किया कि आरटीआई से पूरी जानकारी मिलने के बाद इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव में इसे प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा।
फोटो - डॉ नरेंद्र उत्तराखंड