🔊
गंगोलीहाट: लंबित भत्तों को लेकर फार्मेसी सेवा संघ का हल्लाबोल, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध।
गंगोलीहाट। राजकीय फार्मेसी सेवा संघ उत्तराखंड के प्रांतीय आह्वान पर आज विकासखंड गंगोलीहाट में फार्मेसी अधिकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में बांहों पर काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष दीप चंद पंत के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न चिकित्सालयों में तैनात 11 फार्मासिस्टों ने प्रदेश सरकार और विभाग के विरुद्ध नाराजगी व्यक्त की। आंदोलनकारियों का मुख्य आरोप है कि विगत वर्षों की चारधाम यात्रा के दौरान सेवा देने वाले कुमाऊं मंडल के फार्मेसी अधिकारियों का लगभग 20 लाख रुपये का यात्रा भत्ता अभी तक लंबित है, जिसे लेकर विभाग मौन साधे हुए है।
डिप्लोमा फार्मासिस्टों ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्थाएं भी बेहद दयनीय रहती हैं। इस संबंध में 20 मार्च को विभाग को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं होने पर अब चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 अप्रैल तक काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद 26 अप्रैल से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन और मई माह में दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 मई तक भुगतान सुनिश्चित नहीं हुआ, तो वे आगामी चारधाम यात्रा ड्यूटी का पूर्ण बहिष्कार करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।