🔊
गंगोलीहाट में महाविद्यालय मार्ग का निर्माण कार्य रुकने से छात्रों में भारी आक्रोश, उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद अंतर्गत गंगोलीहाट क्षेत्र से एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया है, जहाँ राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और यूथ आर्मी संगठन के सदस्यों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने उपजिलाधिकारी (SDM) कार्यालय पहुँचकर एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से महाविद्यालय को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली कटराही रोड (पूर्व मार्ग) के निर्माण कार्य पर लगी रोक को तत्काल हटाने की पुरजोर मांग की गई है।
पूरा मामला छात्रों की कनेक्टिविटी और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा है। छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय तक पहुँचने में हो रही भारी असुविधा को देखते हुए उन्होंने लंबे समय तक संघर्ष और आंदोलन किया था। उनके इस संघर्ष के सकारात्मक परिणाम स्वरूप स्थानीय विधायक ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए विधायक निधि से इस मार्ग के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की थी। मार्ग के कटान का कार्य भी विधिवत रूप से प्रारंभ हो चुका था, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं में उत्साह की लहर थी।
अचानक और अज्ञात कारणों से प्रशासन द्वारा इस निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है, जिससे छात्रों में गहरा रोष व्याप्त है। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यह मार्ग महाविद्यालय की सुगम कनेक्टिविटी के लिए अनिवार्य है। रास्ते के अभाव में सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य और उनकी दैनिक सुविधा प्रभावित हो रही है। छात्रों ने इसे शिक्षा के मंदिर तक पहुँचने की राह में एक बड़ी बाधा करार दिया है।
ज्ञापन के माध्यम से युवाओं ने प्रशासन से अपील की है कि उनके पूर्व में किए गए आंदोलनों की भावनाओं और छात्र हितों का सम्मान किया जाए। उन्होंने मांग की है कि इस जनहितैषी कार्य पर लगी रोक को बिना किसी विलंब के हटाया जाए। यदि निर्माण कार्य में कोई तकनीकी अड़चन या बाधा आ रही है, तो उसका शीघ्र निस्तारण कर कार्य पुनः प्रारंभ कराया जाए ताकि छात्रों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
यूथ आर्मी और छात्र समुदाय ने यह भी स्पष्ट किया है कि वे इस मामले में प्रशासन से एक सकारात्मक और त्वरित निर्णय की अपेक्षा रखते हैं। मार्ग निर्माण में देरी होने की स्थिति में छात्रों ने अपने आंदोलन को तेज करने के संकेत भी दिए हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान यूथ आर्मी गंगोलीहाट के प्रतिनिधि और महाविद्यालय के अनेक छात्र उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में अपनी मांग बुलंद की।
उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट यशवीर सिंह ने बताया कि एक प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी ने पूर्व में सड़क काटने के विषयक भारत सरकार को भेजा है जो अभी तक लंबित एवम् भारत सरकार के विचाराधीन है, उसके समानांतर महाविद्यालय को एक नई सड़क काटी जा रही है जिसमें सड़क ओर पेड़ काटने की अनुमति नहीं ली गई है और ना ही कोई कार्य आदेश लिया गया है और ना ही जेसीबी ओर पोकलेंड की अनुमति प्राप्त की गई है।