🔊
भारत-नेपाल सीमा पर 50 हजार रुपये के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार, कस्टम विभाग को सौंपा गया
चंपावत (उत्तराखंड), 6 मई 2025
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शारदा बैराज, बनबसा में चंपावत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नियत सीमा से अधिक धनराशि नेपाल ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। व्यक्ति के पास से कुल ₹50,000 की नकद राशि बरामद की गई, जिसे वह बिना किसी वैध दस्तावेज के नेपाल ले जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक चंपावत श्री अजय गणपति के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी चंपावत/टनकपुर के पर्यवेक्षण में सीमा पर यह चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना बनबसा के अंतर्गत शारदा बैराज चौकी पर चेकिंग के दौरान थानाध्यक्ष श्री सुरेंद्र कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान वीरेन्द्र कुमार पुत्र नन्हे राम, निवासी ग्राम अहरो, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह बरामद राशि के संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया और न ही उसके पास कोई वैध दस्तावेज पाया गया।
पुलिस ने जब्त की गई राशि और आरोपी को आवश्यक विधिक कार्यवाही के लिए कस्टम विभाग को सुपुर्द कर दिया है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
श्री सुरेंद्र कोरंगा (थानाध्यक्ष, बनबसा)
उप निरीक्षक अरविन्द कुमार (प्रभारी, चौकी शारदा बैराज)
अवर उप निरीक्षक जीवन जोशी
हेड कांस्टेबल एजाज अहमद
हेड कांस्टेबल विजय सिंह राणा
हेड कांस्टेबल दिनेश प्रसाद
चंपावत पुलिस की इस तत्परता को सीमा सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।