🔊
टनकपुर में मेडिकल स्टोरों पर छापा, प्रतिबंधित दवा मिलने पर एक स्टोर सील, एक अस्थायी रूप से बंद
टनकपुर, 6 मई 2025
उत्तराखंड सरकार के नशामुक्त देवभूमि मिशन के अंतर्गत चम्पावत जनपद में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने हेतु एक बड़ा कदम उठाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देश व क्षेत्राधिकारी श्री शिवराज सिंह राणा के पर्यवेक्षण में टनकपुर कोतवाली पुलिस, ANTF/SOG टीम और ड्रग इंस्पेक्टर टीम द्वारा संयुक्त रूप से मेडिकल स्टोरों पर औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान टनकपुर क्षेत्र के राजाराम चौराहा और दीनदयाल चौराहे स्थित मेडिकल स्टोरों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान हिमालया मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित 96 कैप्सूल बरामद किए गए, जिसके चलते स्टोर को तत्काल सील कर दिया गया। वहीं छाबड़ा मेडिकल स्टोर के स्वामी द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर स्टोर को प्रपत्र दिखाने तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
अन्य मेडिकल स्टोरों पर भी अनियमितताएं पाए जाने पर उन्हें चेतावनी दी गई और भविष्य में सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
टीम में शामिल प्रमुख अधिकारी:
ANTF/SOG: श्री लक्ष्मण सिंह जगवाण, श्री सोनू सिंह व अन्य
कोतवाली पुलिस: उ.नि. श्री पूरन सिंह तोमर, HC जगवीर सिंह
ड्रग निरीक्षक टीम: श्री नीरज कुमार, मिनाक्षी बिष्ट व नव नियुक्त निरीक्षक अर्चना गहतोड़ी, अर्षिता, निधि शर्मा, शुभम कोटनाल