🔊
चम्पावत में विकास की नब्ज टटोलेंगे मंत्री भरत सिंह चौधरी, दो दिवसीय दौरे में बड़ी समीक्षा बैठक, जिला योजना समिति की बैठक में तय होंगी प्राथमिकताएं, संगठन और विकास दोनों पर रहेगा फोकस।
चम्पावत। उत्तराखंड सरकार में ग्राम्य विकास, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी का चम्पावत जनपद में दो दिवसीय आधिकारिक दौरा तय हुआ है। इस दौरे को जिले के विकास के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है, जहां मंत्री एक ओर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करेंगे, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर चल रही विकास योजनाओं की गहन समीक्षा भी करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार मंत्री 22 अप्रैल को बनबसा स्थित एनएचपीसी गेस्ट हाउस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 23 अप्रैल को प्रातः बनबसा से चम्पावत के लिए रवाना होकर पूर्वाह्न 11:00 बजे जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। यहां वे जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद कर संगठन की रणनीति और जमीनी फीडबैक पर चर्चा करेंगे।
दोपहर बाद मंत्री का फोकस पूरी तरह विकास कार्यों पर रहेगा। अपराह्न 2:00 बजे वे विकास भवन सभागार में आयोजित जिला योजना समिति की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरान जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई अहम निर्णय लिए जा सकते हैं, जो जिले के विकास को नई दिशा देंगे। बैठक के बाद मंत्री अपराह्न 4:00 बजे पुनः बनबसा के लिए प्रस्थान करेंगे। इधर, जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे बैठक के लिए पूरी तैयारी के साथ समय पर उपस्थित रहें, ताकि योजनाओं की समीक्षा प्रभावी ढंग से हो सके और जनपद के विकास को गति मिल सके।
फोटो - जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी।