🔊
चम्पावत में पुरानी पेंशन की गूंज: 54 विभागों के हजारों कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन, उक्रांद ने दिया खुला समर्थन।
चम्पावत, 26 अप्रैल 2026। जनपद चम्पावत में आज पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन’ के बैनर तले आयोजित इस विशाल शक्ति प्रदर्शन में जिले के 54 विभागों के हजारों शिक्षकों, इंजीनियरों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली के लिए जोरदार हुंकार भरी।
कर्मचारियों ने आक्रोश रैली निकालते हुए सरकार से मांग की कि वर्षों तक सेवा देने वाले कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए। रैली के दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन को अपना अधिकार बताते हुए नई पेंशन व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलंद की।
इस महा-आंदोलन को उस समय और मजबूती मिली जब उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की जिला इकाई धरना स्थल पर पहुँची और आंदोलन को खुला समर्थन दिया। उक्रांद नेताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो कर्मचारी अपनी पूरी जिंदगी राज्य सेवा में लगा देता है, उसे बुढ़ापे में असुरक्षा के हवाले करना अन्यायपूर्ण है।
उक्रांद पदाधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को माननीयों की तरह पेंशन का अधिकार नहीं मिला, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक रूप लेगा तथा सड़क से सदन तक संघर्ष तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर उक्रांद जिलाध्यक्ष दीपेश शर्मा, जिला महामंत्री विपिन शर्मा, चम्पावत ब्लॉक अध्यक्ष पीयूष तिवारी, चार्ली ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश जोशी, मीडिया प्रभारी विवेक गोस्वामी, संदीप भट्ट, राजू पुनेठा समेत विभिन्न विभागों के हजारों कर्मचारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
आज का यह प्रदर्शन चम्पावत में कर्मचारियों की एकजुटता और पुरानी पेंशन के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का बड़ा संदेश माना जा रहा है।