🔊
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत में विकास के साथ रोजगार की बहार: हजारों स्थानीय हाथों को मिला काम, विकास की रफ्तार, रोजगार अपार: चम्पावत में बदली तस्वीर।
चम्पावत 27 अप्रैल 2026, सूवि।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाएं आज केवल आधारभूत संरचना को सुदृढ़ नहीं कर रहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर व्यापक रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही हैं।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में उठाए जा रहे ठोस कदमों के परिणामस्वरूप हजारों स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है तथा पलायन पर भी प्रभावी रोक लग रही है।
जनपद में चल रही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्किल्ड एवं अनस्किल्ड दोनों प्रकार के श्रमिकों को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
विशेष बात यह है कि इन परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे विकास की गति के साथ-साथ स्थानीय सहभागिता भी सुनिश्चित हो रही है।
जनपद में लोक निर्माण विभाग, उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए), सीएनडीएस सहित अन्य प्रमुख कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से ही हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। इन परियोजनाओं ने न केवल आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया है, बल्कि बड़ी संख्या में युवाओं को उनके अपने जनपद में ही आजीविका का सशक्त साधन उपलब्ध कराया है।
उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) द्वारा जल आपूर्ति एवं पेयजल क्षेत्र में संचालित परियोजनाएं रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण आधार बनी हैं। चम्पावत पेयजल योजना के अंतर्गत 105 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार मिला है, जिसमें 4 इंजीनियर, 5 सुपरवाइजर, 9 सब-कॉन्ट्रैक्टर तथा लगभग 90 श्रमिक शामिल हैं। वहीं टनकपुर पेयजल योजना के अंतर्गत 70 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान किया गया है, जिनमें इंजीनियर, सुपरवाइजर, ऑपरेटर और श्रमिक सम्मिलित हैं।
सीएनडीएस खेल इकाई द्वारा निर्माणाधीन लोहाघाट स्थित छमनिया स्पोर्ट्स कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्य में कुल 170 कार्मिक कार्यरत हैं, जिनमें 77 स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित साइंस सेंटर, सर्किट हाउस, सड़क एवं पुल निर्माण जैसे विभिन्न कार्यों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है। रौशाल अनुभाग (लोहाघाट) के अंतर्गत ही 10 स्थानीय ठेकेदारों को कार्य आवंटित किया गया है, जो अपने साथ सैकड़ों स्थानीय लोगों को रोजगार दे रहे हैं।
सिम्लटा-कांडा रोड, मुड़ियानी पुल एवं बस्टिया-अस्कोट मार्ग जैसे अन्य निर्माण कार्यों में 35 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार मिला है। इसके अतिरिक्त भूमेश्वर-डुकलानी, धूनाघाट-बसौट मोटर मार्ग तथा क्षतिग्रस्त स्क्रबर के पुनर्निर्माण कार्यों में भी 40 से अधिक स्थानीय लोग कार्यरत हैं।
नवोदय विद्यालय लोहाघाट, फायर स्टेशन (लोहाघाट एवं चम्पावत), छात्रावास निर्माण (राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत एवं कस्तूरबा गांधी टनकपुर), थाना एवं तहसील पाटी जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों में 70 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार मिला है। इससे न केवल आधारभूत ढांचा सुदृढ़ हो रहा है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
महत्त्वाकांक्षी शारदा कॉरिडोर प्रोजेक्ट स्थानीय आजीविका के प्रमुख स्रोत के रूप में उभर रहे हैं। इस परियोजना के अंतर्गत 40 से अधिक स्थानीय युवाओं को प्रोजेक्ट मैनेजर, ऑपरेटर एवं सुपरवाइजर जैसे पदों पर नियुक्त किया गया है, जबकि ठेकेदारों के माध्यम से 32 अतिरिक्त स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिला है। इसके साथ ही आपदा न्यूनीकरण से संबंधित कार्य भी स्थानीय रोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं।
मंच एवं चल्थी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों में स्थानीय ग्रामीणों को उनके घर के समीप ही रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिल रहा है।
इन प्रमुख परियोजनाओं के अतिरिक्त जनपद में संचालित विभिन्न छोटे-बड़े विकास कार्यों, ग्राम पंचायत स्तर की योजनाओं तथा अन्य विभागीय गतिविधियों के माध्यम से भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है।
विभिन्न कार्यस्थलों पर कार्यरत लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आया है। वोकल फॉर लोकल के दृष्टिकोण की सराहना करते हुए इसे क्षेत्रीय विकास का मजबूत आधार बताया है।