🔊
चंपावत में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत पंजीकरण हेतु ग्राम पंचायतवार शिविरों का आयोजन शुरू 08 मई से 19 मई तक आयोजित होंगे विशेष पंजीकरण शिविर
चंपावत, 07 मई 2025 (सूवि)।
जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देशानुसार जनपद चंपावत में समान नागरिक संहिता (यू.सी.सी.) के अंतर्गत नागरिकों के पंजीकरण हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 08 मई से 19 मई 2025 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार संचालित होंगे।
प्रशासन द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार इन शिविरों का आयोजन नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके ही ग्राम पंचायतों में जन सेवा केंद्रों (सी.एस.सी.) पर किया जाएगा, ताकि अधिकतम लोग इस प्रक्रिया में भाग ले सकें और यूसीसी में अपना पंजीकरण करा सकें।
हर शिविर स्थल पर विशेष पर्यवेक्षक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है जो पंजीकरण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
पंजीकरण शिविर तिथि व स्थान (चयनित सूची):
08 मई: तामली, फागपुर, मनिहारगोठ, ज्ञानखेड़ा, रौंसाल, गोशनी
09 मई: मंच, चंदनी, तरकुली, मडलक, देवीधुरा
13 मई: बिरगुल, नायकगोठ, बनबसा, गंवाई, बाराकोट
14-19 मई: अन्य ग्राम पंचायतों में क्रमशः शिविर आयोजित होंगे
पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज:
पति-पत्नी की पासपोर्ट साइज फोटो एवं संयुक्त फोटो
शादी का कार्ड (यदि उपलब्ध हो)
आधार संख्या एवं लिंक मोबाइल नंबर
उत्तराखंड निवास प्रमाण हेतु मान्य दस्तावेज (जैसे निवास प्रमाण पत्र, बिजली-पानी का बिल, किरायानामा आदि)
आयु प्रमाण हेतु दस्तावेज (जैसे जन्म प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, वोटर आईडी, हाईस्कूल मार्कशीट आदि)
यदि विवाह पूर्व में पंजीकृत हो तो विवाह प्रमाण पत्र
बच्चों की स्थिति में जन्म प्रमाण पत्र
प्रशासन ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में भाग लेकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण अवश्य कराएं। अधिक जानकारी हेतु संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।