🔊
गंगोलीहाट में रोडवेज बस और टैक्सी की भिड़ंत, तीन घायल; सभी खतरे से बाहर।
गंगोलीहाट। बुधवार सुबह लगभग 6:30 बजे गंगोलीहाट से हल्द्वानी जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस और विपरीत दिशा से आ रही एक वैगनआर टैक्सी के बीच नगर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर कफ़लाडी के पास जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टैक्सी सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड परिवहन निगम की बस संख्या यूके 07 पीए 6632 (पिथौरागढ़ डिपो), जिसमें चालक नंदन सिंह और परिचालक नीरज भट्ट मौजूद थे, गंगोलीहाट से 28 यात्रियों को लेकर हल्द्वानी जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही वैगनआर कार संख्या यूके 05 टीए 4668 से कफ़लाडी के पास टक्कर हो गई।
टैक्सी वाहन को ग्राम चिटगल निवासी 23 वर्षीय अरविंद कुमार पुत्र दानी राम चला रहे थे। वाहन में उनके साथ अंजली (29 वर्ष) पुत्री दानी राम तथा मनोज (18 वर्ष) पुत्र चन्नी राम सवार थे। हादसे में टैक्सी सवार तीनों को चोटें आईं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट के प्रभारी डॉ. विमलेश टम्टा ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और किसी को गंभीर चोट न होने के कारण उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार मौके पर पहुंचे और अपने निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
बस में मौजूद 28 यात्रियों में से 15 यात्रियों के टिकट बने हुए थे, जिन्हें टिकट राशि वापस कर दी गई। बाद में सभी यात्री टैक्सियों के माध्यम से हल्द्वानी के लिए रवाना हुए।
घटना की सूचना पर कोतवाली गंगोलीहाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में बी.सी. मासीवाल, आकील सिद्दिकी और देश दीपक शामिल रहे। दोनों वाहन चालकों द्वारा पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक कैलाश जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: