🔊
चंपावत के डॉ. भुवन चंद्र जोशी को राज्य स्तरीय सम्मान, मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित।
चंपावत। उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के समाज के प्रति अतुलनीय योगदान को सम्मानित करने हेतु 30 अप्रैल 2026 को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी ऑडिटोरियम में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के प्रत्येक जिले से चयनित एक-एक वरिष्ठ नागरिक को सम्मानित किया। चंपावत जिले से प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. भुवन चंद्र जोशी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
40 वर्षों की राजकीय सेवा, 14 वर्षों से समाज सेवा को समर्पित जीवन
डॉ. भुवन चंद्र जोशी ने अपने जीवन के 40 वर्ष शिक्षा विभाग में समर्पित किए और प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने समाजहित को अपना ध्येय बनाते हुए पिछले 14 वर्षों से शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सुरक्षा और बाल कल्याण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया। उनके समर्पण, नेतृत्व और समाज कल्याण की भावना को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया।
मुख्यमंत्री ने की सराहना
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ राज्य मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र भेंट करते हुए उनके सेवा भाव और समाज के प्रति समर्पण की सराहना की।
सम्मान पाकर भावुक हुए डॉ. जोशी
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. जोशी ने कहा,
मैंने अपने जीवन के 40 वर्ष राजकीय सेवा को समर्पित किए, लेकिन वास्तविक आत्मिक संतोष मुझे सेवानिवृत्ति के बाद समाज सेवा से मिला। समाज के मुद्दों के साथ खड़ा रहना ही मेरा उद्देश्य रहा है। यह सम्मान मेरे लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है।
चंपावत में खुशी की लहर
डॉ. जोशी को यह सम्मान मिलने पर चंपावत जिले में हर्ष का माहौल है। प्रकाश तिवारी, गोविंद सामंत (जिलाध्यक्ष भाजपा), डॉ. तिलकराज जोशी, कीर्ति वल्लभ सक्टा, अमरनाथ वर्मा, दिनेश पांडे, महेंद्र सिंह बोहरा, इंद्र सिंह बोहरा, अंचला बोहरा (ब्लॉक प्रमुख), प्रेमा पांडे (नगर पालिका अध्यक्ष), शंकर पांडे सहित जिले के अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे चंपावत जिले के लिए गौरव का विषय है।
सभी ने एक स्वर में कहा कि डॉ. भुवन चंद्र जोशी का जीवन समाज सेवा की प्रेरणादायक मिसाल है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: