🔊
उत्तरकाशी में बड़ा हादसा: सात यात्रियों को लेकर जा रहा हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, रेस्क्यू अभियान जारी
उत्तरकाशी, 8 मई – उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जब सात यात्रियों को लेकर जा रहा एक निजी हेलिकॉप्टर गंगनानी क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर एरो ट्रिंक कंपनी का था और इसमें सवार यात्रियों में से दो के घायल होने की सूचना मिली है। शेष यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के साथ-साथ आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं और पहुंचते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इलाके में खराब मौसम और मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत कार्यों में चुनौतियां आ रही हैं।
मौसम बना चुनौती
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा चरम पर है और हजारों श्रद्धालु केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की ओर रवाना हो रहे हैं। कई यात्री हेलिकॉप्टर सेवाओं का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली और अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
पहले भी हो चुकी है आपात लैंडिंग
बता दें कि इससे पहले भी 5 मई को बदरीनाथ धाम क्षेत्र में खराब मौसम के कारण तीर्थयात्रियों को लेकर जा रहे एक हेलिकॉप्टर को गोपेश्वर खेल मैदान में आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी। लगभग पांच मिनट मैदान में रुकने के बाद वह देहरादून के लिए रवाना हुआ था।
अधिकारियों की निगरानी में राहत कार्य
फिलहाल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें समन्वय में जुटी हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जबकि अन्य यात्रियों की स्थिति के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।