🔊
चंपावत में वाइन उत्पादन की ओर ऐतिहासिक कदम, पहली वाइन फैक्टरी को मिला लाइसेंस,
चंपावत, 08 मई 2025 | सूवि।
चंपावत जिले में आर्थिक और सामाजिक समृद्धि की दिशा में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। जिले की पहली वाइन फैक्टरी को औपचारिक रूप से लाइसेंस जारी कर दिया गया है। सिन्याड़ी क्षेत्र में स्थापित यह वाइन फैक्टरी "गोल्डन फन फूड एंड बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड" द्वारा संचालित की जाएगी, जिसकी उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 10,000 लीटर है।
जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी राजेन्द्र लाल शाह ने फैक्टरी को लाइसेंस जारी किए जाने की पुष्टि की। यह फैक्टरी चंपावत के स्थानीय फल उत्पादकों के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आई है। अंगूर, नाशपाती, सेब और साइट्रस जैसे मौसमी फलों से बनी वाइन अब इसी जिले में तैयार होगी, जिससे किसानों को फसलों के बेहतर मूल्य मिल सकेंगे।
इस पहल का सबसे सशक्त पक्ष है—महिलाओं की भागीदारी। फैक्टरी प्रबंधन ने "महिला विकास संकुल संघ, खर्ककार्की" के साथ एक समझौता (MOU) किया है, जो वर्ष 2029 तक मान्य रहेगा। इस समझौते के तहत क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाएं फल आपूर्ति और अन्य गतिविधियों में भाग लेंगी, जिससे उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा।
स्थानीय प्रशासन का विश्वास
जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल चंपावत जिले को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। इससे जहां महिलाओं और किसानों को नया मंच मिलेगा, वहीं जिले में उद्यमिता और कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
समृद्धि की ओर कदम
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे चंपावत व उत्तराखंड की छवि देशभर में एक नए कृषि-उद्योग केंद्र के रूप में उभरेगी।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: