🔊
यूकेडी चंपावत ने जारी की अपील, कहा- तथ्यों पर करें भरोसा, अफवाहों से बचें।
चंपावत। हाल ही में जिले में सामने आए चर्चित मामले को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) चंपावत इकाई ने जनता और समर्थकों के नाम एक सार्वजनिक अपील जारी की है। यूकेडी ने अपने बयान में कहा कि पुलिस जांच में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप झूठा और व्यक्तिगतरूप से रची गई साजिश साबित हो चुका है, इसलिए लोगों को भावनाओं में बहने के बजाय तथ्यों पर विश्वास करना चाहिए।
यूकेडी चंपावत टीम ने अपील में कहा कि कुछ बाहरी नेताओं और राजनीतिक दलों ने इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की है, जिससे समाज को गुमराह किया गया। पार्टी ने लोगों से ऐसे राजनीतिक तमाशों का हिस्सा न बनने की अपील की है।
संगठन ने कहा कि जिन तीन युवाओं पर झूठे आरोप लगाए गए, उनकी और उनके परिवारों की प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है। ऐसे में समाज का दायित्व है कि उनकी गरिमा बहाल करने में सहयोग करे।
यूकेडी ने सोशल मीडिया पर भी सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि घटना से जुड़े पुराने और भ्रामक पोस्ट, वीडियो व फोटो को तुरंत हटाया जाए, क्योंकि अफवाहें किसी निर्दोष व्यक्ति के जीवन और करियर को प्रभावित कर सकती हैं।
पार्टी ने अपने बयान में दोहराया कि यूकेडी चंपावत टीम न्याय और सत्य के पक्ष में खड़ी रहेगी तथा किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो, इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।
अंत में संगठन ने संदेश दिया -
सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।