🔊
भंडारबोरा जिला पंचायत सीट का चुनाव रद्द, कोर्ट के फैसले से मचा राजनीतिक भूचाल।
चम्पावत। उत्तराखंड के चम्पावत जिले की भंडारबोरा जिला पंचायत सीट को लेकर जिला न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। जिला जज अनुज कुमार संगल की अदालत ने भाजपा समर्थित विजेता प्रत्याशी शैलेश चंद्र जोशी का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया है। अदालत ने मतगणना प्रक्रिया में गंभीर विसंगतियां पाए जाने के बाद यह निर्णय दिया।
सुनवाई के दौरान सामने आया कि क्षेत्र में कुल 6719 मत पड़े थे, जबकि मतगणना 6865 मतों की की गई। यानी कुल 146 मतों का अंतर पाया गया। इसके अलावा निरस्त मतों की संख्या को लेकर भी रिकॉर्ड में विरोधाभास मिला। अदालत में प्रस्तुत दोनों आधिकारिक मतगणना अभिलेखों में भी अलग-अलग आंकड़े दर्ज थे, लेकिन दोनों में विजेता के रूप में शैलेश जोशी का ही नाम सामने आया।
रिकॉर्ड के अनुसार एक मतगणना विवरण में शैलेश जोशी को 3282 वोट और कमल सिंह रावत को 3111 वोट दिखाया गया, जबकि दूसरे अभिलेख में कमल सिंह रावत को 3257 वोट और शैलेश जोशी को 3282 वोट दर्शाए गए। दोनों ही परिस्थितियों में शैलेश जोशी विजयी रहे, लेकिन न्यायालय ने मतगणना में पाई गई लिपिकीय और प्रक्रिया संबंधी त्रुटियों को गंभीर मानते हुए पूरा चुनाव ही निरस्त कर दिया।
वहीं दूसरे स्थान पर रहे निर्दलीय प्रत्याशी कमल सिंह रावत की वह मांग भी अदालत ने खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने स्वयं को विजयी घोषित करने की अपील की थी। अदालत ने किसी अन्य प्रत्याशी को विजेता घोषित नहीं किया है। फैसले के बाद अब भंडारबोरा जिला पंचायत सीट आधिकारिक रूप से रिक्त मानी जाएगी।
गौरतलब है कि जुलाई 2025 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में शैलेश चंद्र जोशी ने कमल सिंह रावत को मात्र 25 मतों से हराया था। तीसरे प्रत्याशी अशोक सिंह को 48 वोट मिले थे। अब इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और शैलेश जोशी पक्ष उच्च न्यायालय जाने की तैयारी में बताया जा रहा है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: