🔊
ग्राम थपलियालखेड़ा में विद्युतीकरण की राह हुई आसान, वन भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया।
चम्पावत 13 मई 2026, सूवि।
टनकपुर अंतर्गत ग्राम थपलियालखेड़ा में लंबे समय से लंबित विद्युतीकरण कार्य को लेकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार शासन स्तर पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
ग्रामीणों को शीघ्र विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्युत वितरण खंड, उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन द्वारा प्रस्तावित विद्युतीकरण कार्यों हेतु 0.105 हेक्टेयर वन भूमि के गैर-वानिकी उपयोग के लिए प्रत्यावर्तन संबंधी प्रस्ताव भारत सरकार को प्रेषित कर दिया गया है।
इसके साथ ही उत्तराखंड शासन के अपर सचिव द्वारा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार से वन (संरक्षण) अधिनियम, 1980 के अंतर्गत प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान किए जाने का अनुरोध भी किया गया है, ताकि परियोजना को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारा जा सके।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विद्युत एवं वन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त होते ही मौके पर विद्युतीकरण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि ग्राम थपलियालखेड़ा में वन भूमि से संबंधित तकनीकी प्रक्रिया के कारण कार्य लंबित था, जिसे शासन के सहयोग से अब तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।