🔊
आईटीआई राई आगर के 6 प्रशिक्षार्थियों का अशोक लीलैंड में चयन, नियुक्ति पत्र वितरित
दिनांक 27 अप्रैल 2026 को अशोक लीलैंड पंतनगर द्वारा आयोजित अप्रेंटिस रोजगार मेले में राजकीय आईटीआई राई आगर (पिथौरागढ़) के 6 प्रशिक्षार्थियों का चयन हुआ। चयनित युवाओं को रा. आईटीआई राई आगर में आयोजित भव्य समारोह के दौरान नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्र के सम्मानित नागरिक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह रोजगार मेला आईटीआई बेतालघाट (नैनीताल) परिसर में आयोजित किया गया था, जिसमें आईटीआई राई आगर के प्रशिक्षार्थियों की ऑनलाइन परीक्षा भी ली गई। चयन प्रक्रिया श्रीमान संयुक्त निदेशक कुमाऊं मंडल, प्रधानाचार्य रा. आईटीआई बेतालघाट एवं पिथौरागढ़ तथा अशोक लीलैंड के अधिकारियों की अनुमति से सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम में उप नोडल अधिकारी (प्रवेश समिति) कुमाऊं मंडल राजेंद्र पांडे ने बताया कि कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण विभाग उत्तराखंड द्वारा युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के विशेष अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद संस्थान स्तर पर ही अप्रेंटिस और रोजगार के अवसर उपलब्ध हो जाते हैं।
उन्होंने डीएसटी ड्यूल सिस्टम योजना की जानकारी देते हुए कहा कि दो वर्षीय आईटीआई प्रशिक्षण के बाद प्रशिक्षार्थियों को एक वर्ष चयनित कंपनी में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है, जहां उन्हें कार्य प्रणाली सीखने के साथ मानदेय भी प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में स्वरोजगार, पलायन रोकने और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर अनुदेशक मोहन सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संस्थान के कर्मचारी राजू राम सहित प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षार्थियों ने भी अपने विचार रखे।