🔊
आंगनबाड़ी बहनों के हक के लिए उक्रांद ने बुलंद की आवाज, 9 सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
चम्पावत। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) चम्पावत ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई। जिला अध्यक्ष दीपेश चन्द्र शर्मा के नेतृत्व में उक्रांद के प्रतिनिधिमंडल ने आंगनबाड़ी जिला अध्यक्ष मीना बोहरा के साथ जिलाधिकारी चम्पावत को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए उक्रांद जिला अध्यक्ष दीपेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल हमेशा आंगनबाड़ी बहनों के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और आगे भी उनके हकों की लड़ाई लड़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का मानसिक और आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मानदेय, मोबाइल रिचार्ज और केंद्रों के किराए जैसी मूलभूत मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उक्रांद आंदोलन को और तेज करेगा।
आंगनबाड़ी जिला अध्यक्ष मीना बोहरा ने बताया कि जनवरी से अप्रैल तक का मानदेय अब तक लंबित है, जिससे कार्यकर्ताओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गैस रिफिल की व्यवस्था, पीएमएमवीवाई की प्रोत्साहन राशि में देरी तथा सेनेटरी पैड बिक्री जैसे अतिरिक्त कार्यों का बोझ हटाने की भी मांग उठाई।
इस दौरान उक्रांद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्थन में एकजुटता दिखाई और सरकार से जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष गजेन्द्र बोहरा, महामंत्री विपिन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश जोशी, ब्लॉक उपाध्यक्ष पीयूष तिवारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।