🔊
चम्पावत में सुरक्षा को लेकर ITBP अलर्ट मोड में, कमांडेंट ने जिलाधिकारी से की मुलाकात
चंपावत, 09 मई 2025 — देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड के सीमावर्ती जनपद चंपावत में भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। शुक्रवार को इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) की 36वीं बटालियन के कमांडेंट श्री संजय कुमार ने जिलाधिकारी श्री नवनीत पांडे एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति से शिष्टाचार भेंट कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में कमांडेंट संजय कुमार ने बताया कि नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। ITBP के जवान लगातार गश्त, निगरानी और पेट्रोलिंग कर रहे हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि सीमा क्षेत्र की सुरक्षा में सशस्त्र सीमा बल (SSB), स्थानीय पुलिस और ITBP के बीच बेहतर तालमेल स्थापित है। सभी एजेंसियां एकजुट होकर सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि SSB द्वारा नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और स्थानीय पुलिस भी नियमित गश्त में जुटी है। यह समन्वित प्रयास सीमावर्ती इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन सभी आवश्यक संसाधनों और सहयोग के साथ सुरक्षा बलों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल से ही जनपद की सीमाओं को सुरक्षित रखा जा सकता है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: