🔊
गंगोलीहाट में अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को भेजा 19 सूत्रीय मांगपत्र।
गंगोलीहाट। अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन (उत्तराखंड) की ब्लॉक कार्यकारिणी गंगोलीहाट ने क्षेत्र के अनुसूचित जाति और जनजाति समाज, शिक्षक-कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा सामाजिक न्याय से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित 19 सूत्रीय मांगपत्र उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट के माध्यम से सौंपा। संगठन ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि इन पर कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध जनजागरण और आंदोलन किया जाएगा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों, ब्लॉकों और संगठनात्मक इकाइयों में कार्यरत शिक्षक-कर्मचारियों, अभिभावकों और सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद यह मांगपत्र तैयार किया गया है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से एससी-एसटी विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति राशि बढ़ाने, पात्रता नियमों में व्यावहारिक शिथिलता लाने और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
इसके अलावा इरशाद हुसैन आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक कर उस पर समयबद्ध कार्रवाई करने, हर वर्ष पारदर्शी एवं ऑनलाइन काउंसलिंग आधारित स्थानांतरण प्रक्रिया लागू करने तथा प्राथमिक स्तर पर अंतरमंडलीय स्थानांतरण सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। संगठन ने लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने, आरक्षण संबंधी संवैधानिक प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने और विभागवार बैकलॉग रिक्तियों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
ज्ञापन में दुर्गम और अति दुर्गम क्षेत्रों के लिए संतुलित नियुक्ति व स्थानांतरण नीति लागू करने, उच्च व तकनीकी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए छात्रावास व डिजिटल सहायता योजनाएं मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही संविदा, उपनल और आउटसोर्सिंग सेवाओं में आरक्षण व्यवस्था लागू करने, अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों के वेतन भुगतान की स्थायी व्यवस्था तथा सभी पात्र कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की गई।
संगठन ने गोल्डन कार्ड योजना के अंतर्गत ओपीडी सहित प्रभावी और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, विभागवार एससी-एसटी प्रतिनिधित्व और बैकलॉग रिक्तियों का श्वेत पत्र जारी करने तथा आरक्षण, रोस्टर और पदोन्नति से जुड़े विषयों की निगरानी के लिए उच्च स्तरीय समीक्षा समिति गठित करने की मांग भी रखी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सूर्य प्रकाश कालाकोटी, ब्लॉक महामंत्री विनोद प्रसाद गंगोला, उपाध्यक्ष संजय कुमार ग्वासीकोटी, कोषाध्यक्ष महेश चंद्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधा कृष्ण, मीडिया प्रभारी महेंद्र कुमार, संरक्षक नंदन राम और बलवीर प्रसाद मौजूद रहे। इस अवसर पर सुरेश चंद्र, दिनेश कुमार, हिमांशु मोहन, सोनू कुमार, बृजेश कुमार, अखिलेश ग्वासीकोटी, संतोष कुमार, देवानन्द आगरी और अनिल सामियाल सहित कई शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।