🔊
भीमताल में पार्किंग की आड़ में रोड क्रॉसिंग शुल्क की अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग।
भीमताल। पर्यटन नगरी भीमताल में पार्किंग की आड़ में पर्यटकों और बाहरी वाहनों से कथित रोड क्रॉसिंग शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने उप-जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया कि भीमताल-नौकुचियाताल मार्ग पर कुछ पार्किंग कर्मियों द्वारा बीच सड़क पर वाहनों को रोककर पर्यटकों, टैक्सी और अन्य बाहरी गाड़ियों से शुल्क वसूला जा रहा है। आरोप है कि नौकुचियाताल, पांडे गांव और जंगलिया गांव की ओर जाने वाले वाहनों से भी जबरन पर्ची काटी जा रही है, जबकि नियमानुसार पार्किंग शुल्क केवल पार्किंग स्थल के अंदर वाहन खड़ा होने पर ही लिया जा सकता है।
पूरन बृजवासी का कहना है कि सड़क पर इस तरह वसूली करने से न केवल पर्यटकों का आर्थिक शोषण हो रहा है, बल्कि मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति भी बन रही है, जिससे भीमताल की पर्यटन छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में नगर पालिका प्रशासन और कोतवाली भीमताल को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्किंग कर्मियों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर भी वाहनों को खड़ा कराया जा रहा है, जिससे अतिक्रमण बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं-
सड़क पर पर्ची काटने और रोड क्रॉसिंग शुल्क के नाम पर वसूली को तत्काल अवैध घोषित कर संबंधित कर्मियों पर अर्थदंड लगाया जाए।
पार्किंग स्थल पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि लोगों को नियमों की जानकारी मिल सके।
वसूली प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए पार्किंग स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
यह सुनिश्चित किया जाए कि केवल पार्किंग परिसर के अंदर खड़े वाहनों की ही पर्ची काटी जाए।
सामाजिक कार्यकर्ता ने प्रशासन से मामले का जल्द संज्ञान लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।