🔊
नशे के सौदागरों पर चंपावत पुलिस का शिकंजा, 14.25 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार
चंपावत, 1 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री उत्तराखंड संकल्प को साकार करने की दिशा में चंपावत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जनपद पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टनकपुर क्षेत्र से एक आरोपी को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। सोमवार को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में कोतवाली टनकपुर पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पूर्णागिरि राइस मिल के पीछे खाली प्लॉट के पास पुलिस ने गौरव कुमार उर्फ गुड्डू (38) निवासी वर्मा लाइन वार्ड नंबर-3, टनकपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14.25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास सामने आया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तेज कुमार, हेड कांस्टेबल कमल कुमार और कांस्टेबल दीपक सिंह शामिल रहे।
चंपावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आसपास किसी भी प्रकार की नशे की तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत 112 या नजदीकी थाना-चौकी में सूचना दें। जनसहयोग से ही उत्तराखंड को नशामुक्त बनाया जा सकता है।