🔊
इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन की हालत में सुधार, ICU से वार्ड में शिफ्ट
नोएडा, 12 मई 2025:
इंडियन आइडल 12 के विजेता और उत्तराखंड के चर्चित गायक पवनदीप राजन की हालत में अब सुधार हो रहा है। हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पवनदीप को नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी सफल सर्जरी की। अब उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) से सामान्य वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार पवनदीप पूरी तरह होश में हैं और इलाज के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अस्पताल द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि उनकी हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही छुट्टी दी जा सकती है।
हादसा रविवार रात करीब 2:30 बजे हुआ, जब पवनदीप अपने दोस्त अजय मेहरा और ड्राइवर राहुल सिंह के साथ उत्तराखंड से नोएडा लौट रहे थे। गजरौला क्षेत्र में उनकी कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे तीनों लोग घायल हो गए। पवनदीप को सबसे गंभीर चोटें आईं थीं।
फिलहाल पवनदीप को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उनकी रिकवरी की प्रक्रिया संतोषजनक बताई जा रही है। देशभर से उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।