🔊
हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव बने कमलेश पंत, पैतृक गांव बना में होली-दीवाली जैसा उत्सव
बेरीनाग (पिथौरागढ़)। हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति के बाद वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत के पैतृक गांव बना में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इस उपलब्धि का जश्न होली और दीपावली की तरह मनाते हुए मिठाइयां बांटीं तथा एक-दूसरे को बधाई दी।
बेरीनाग तहसील के ग्राम बना में जन्मे कमलेश पंत के पिता स्वर्गीय जगदीश चंद्र पंत शिक्षक होने के साथ-साथ समाजसेवी भी थे, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय बना में हुई तथा जूनियर स्तर की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज बेरीनाग से पूरी की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा अल्मोड़ा में प्राप्त की और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 1993 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) परीक्षा उत्तीर्ण की।
हिमाचल कैडर के अधिकारी होने के कारण उन्होंने अपने अधिकांश प्रशासनिक दायित्व हिमाचल प्रदेश में निभाए हैं। एक ईमानदार, कुशल और जनोन्मुखी अधिकारी के रूप में उनकी पहचान रही है। उन्होंने उत्तराखंड में जिलाधिकारी उत्तरकाशी और प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया। इसके अलावा केंद्र सरकार में राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।
तीन दशकों से अधिक के प्रशासनिक अनुभव वाले कमलेश पंत को उनके शांत, संतुलित और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए जाना जाता है। तकनीकी दक्षता और प्रशासनिक अनुभव का समन्वय उन्हें जटिल चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकालने में सक्षम बनाता है। सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति समर्पण उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान है।
मुख्य सचिव बनने के बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश से वीडियो कॉल के माध्यम से अपने पैतृक गांव के लोगों से संवाद किया और शुभकामनाओं के लिए सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री खजान गुड्डू, नगर पालिका अध्यक्ष हेमवंती पंत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेम पंत, भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोक खाती, नारायण बोरा, संजू बोरा, पूर्व प्रधानाचार्य भगवान कठायत, पत्रकार गोविंद भंडारी, पत्रकार कैलाश चन्याल, प्रकाश पंत, नरेश पंत, सभासद सुनील पंत, दीपक पंत, गिरीश पंत, राकेश पंत, धीरज पंत, रवि पंत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा तथा समाज कल्याण अनुश्रवण समिति सदस्य दीपक नेवलिया ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए खुशी व्यक्त की।
ग्रामीणों ने कहा कि कमलेश पंत की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।