🔊
चम्पावत के लाल का कमाल, अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम में चयन, लोहाघाट से टीम इंडिया तक का सफर, प्रियांशु ने रचा इतिहास।
चम्पावत। जनपद चम्पावत के विकासखंड लोहाघाट के विसंग क्षेत्र निवासी युवा क्रिकेटर प्रियांशु फर्त्याल का चयन श्रीलंका दौरे के लिए जाने वाली अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम में होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रियांशु की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चम्पावत जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
प्रियांशु फर्त्याल, श्री कैलाश सिंह फर्त्याल के पुत्र हैं। उनके पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं जबकि माता गृहिणी हैं। वर्तमान में उनका परिवार हल्द्वानी में निवास करता है। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति समर्पित प्रियांशु ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
उनके चयन की खबर मिलते ही विसंग क्षेत्र सहित पूरे लोहाघाट में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने प्रियांशु को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रियांशु ने अपने गांव, क्षेत्र और पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है तथा उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।