🔊
अब धर्मस्थल में किशोरी से दुष्कर्म, पुजारी हिरासत में एक 13 वर्षीय बच्ची अब भी लापता
बरेली/ऋषिकेश | 14 मई 2025:
उत्तराखंड के ऋषिकेश से लापता दो नाबालिग लड़कियों का मामला बरेली पहुंच गया है, जहां एक धर्मस्थल के कथित पुजारी द्वारा एक 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और 13 वर्षीय बच्ची को गायब करने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। इस गंभीर मामले में आरोपी पुजारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि एक लड़की का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ शोषण का सिलसिला
चार साल पहले फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई दोस्ती ने एक खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि बरेली निवासी पुजारी ने ऋषिकेश की 9वीं कक्षा की छात्रा को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और अश्लील वीडियो बना ली। बाद में उसे ब्लैकमेल करते हुए 13 अप्रैल को बरेली बुलाया और धर्मस्थल में एक महीने तक बंधक बनाकर कई बार दुष्कर्म किया।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी और 13 वर्षीय नातिन एक महीने से लापता थीं। उन्होंने ऋषिकेश कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी लेकिन जब वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे खुद बरेली पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि कैंट थाना क्षेत्र की पुलिस ने पुजारी से पूछताछ तक नहीं की।
एसएसपी से शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
बुधवार को पीड़िता की मां वकील नरेंद्र राणा के साथ एसएसपी अनुराग आर्य से मिली और मामले की गंभीरता बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पुजारी को हिरासत में ले लिया और सीओ प्रथम को जांच सौंप दी गई। पुलिस ने कहा कि मामले की प्राथमिक जांच पूरी होने के बाद ऋषिकेश पुलिस के माध्यम से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लापता किशोरी की तलाश जारी
अब तक 13 वर्षीय बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। पीड़ित परिवार ने बच्ची की सकुशल बरामदगी और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।
-