🔊
महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में प्रवेश की जंग शुरू, प्रदेशभर की 79 बालिका खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और बैडमिंटन के लिए अंतिम चयन प्रक्रिया शुरू, पहले बैच में 30 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा प्रवेश।
लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी पहल के तहत चम्पावत जिले के लोहाघाट में स्थापित हो रहे प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के लिए अंतिम चयन प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। इस चयन प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंची 79 बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, फिटनेस और खेल कौशल का दमखम दिखाया।
महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा की देखरेख में आयोजित चयन प्रक्रिया के तहत खिलाड़ियों की 800 मीटर दौड़, 60 मीटर दौड़ तथा बैटरी टेस्ट लिया गया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा रही है।
प्रधानाचार्य शर्मा ने बताया कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में इस शैक्षणिक सत्र से बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और बैडमिंटन खेल विधाओं में प्रशिक्षण एवं अध्ययन प्रारंभ किया जाएगा। प्रथम चरण में प्रत्येक खेल के लिए 10-10 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिससे कुल 30 बालिका खिलाड़ियों को कॉलेज के पहले बैच में प्रवेश मिलेगा।
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया दो दिनों तक चलेगी, जिसके बाद सफल खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ आवास, भोजन और शिक्षा की समुचित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थायी भवन निर्माणाधीन है। भवन पूर्ण होने के बाद यहां विभिन्न खेलों में करीब 300 बालिका खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और शिक्षा प्रदान की जाएगी। फिलहाल इस वर्ष कक्षाओं का संचालन स्पोर्ट्स स्टेडियम लोहाघाट से किया जाएगा।
प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंची खिलाड़ियों में कॉलेज को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी मजबूत करने का प्रयास किया। क्षेत्र के वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी एवं राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा ने महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना को धामी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रदेश की बेटियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कॉलेज उत्तराखंड में महिला खेल प्रतिभाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
फोटो - महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में प्रवेश के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया के दौरान दौड़ और फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लेती प्रदेशभर से पहुंची बालिका खिलाड़ी।