🔊
उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर संघ की नई प्रांतीय कार्यकारिणी घोषित, पंकज उपाध्याय बने अध्यक्ष।
जसवंत सिंह रावत को महामंत्री, बहादुर सिंह क्वारगी वरिष्ठ उपाध्यक्ष और परमानंद पुनेठा कुमाऊं के प्रांतीय उपाध्यक्ष चुने गए।
चम्पावत। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर संघ (जल संस्थान) की प्रांतीय कार्यकारिणी के त्रैवार्षिक चुनाव में नई टीम का सर्वसम्मति से गठन किया गया। चुनाव अधिकारी सुरेंद्र सिरकोटी की देखरेख में हुए चुनाव में पंकज उपाध्याय को प्रांतीय अध्यक्ष तथा जसवंत सिंह रावत को महामंत्री चुना गया। इसके बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई।
नई कार्यकारिणी में बहादुर सिंह क्वारगी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, परमानंद पुनेठा को प्रांतीय उपाध्यक्ष (कुमाऊं मंडल), उज्ज्वल पेटवाल को प्रांतीय उपाध्यक्ष (गढ़वाल मंडल), भगवान सिंह रावत को कोषाध्यक्ष, संजय कुमार सिलवाल को अकाउंटेंट, राघवेंद्र डोबाल को सचिव (प्रोन्नत), प्रशांत राणा को उप सचिव (गढ़वाल), अशोक चंद्र नौटियाल को उप सचिव (कुमाऊं), देवेंद्र कोठारी को संगठन सचिव (गढ़वाल) तथा राहुल चौहान को संगठन सचिव (कुमाऊं) चुना गया।
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य जल संस्थान की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए आम जनता को बेहतर पेयजल सेवाएं उपलब्ध कराना रहेगा। इस दौरान पदाधिकारियों ने विभागीय कार्यों में बढ़ते राजनीतिक हस्तक्षेप पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि संगठन किसी भी प्रकार के अनावश्यक बाहरी हस्तक्षेप को प्रोत्साहित नहीं करेगा। साथ ही डिप्लोमा इंजीनियरों से अपेक्षा की गई कि वे अपने कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि किसी बाहरी हस्तक्षेप की आवश्यकता ही न पड़े।
फोटो - उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर संघ (जल संस्थान) की नई प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाते चुनाव अधिकारी सुरेंद्र सिरकोटी।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: