🔊
टनकपुर में करोड़ों की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, उत्तराखंड में नशे के बड़े नेटवर्क पर पुलिस का करारा प्रहार, 306 ग्राम हेरोइन बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक; पीलीभीत के दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी सीज।
टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान में जुटी चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टनकपुर क्षेत्र में पुलिस ने पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के दो युवकों को 306 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की बड़ी सफलताओं में से एक मान रही है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने एसपी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के निर्देशन में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में टीम ने टनकपुर के सैलानीगोठ कालाझाला क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से 306 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त यूपी-26 AY-5188 नंबर की काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
एसपी रेखा यादव ने कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र डंगवाल, ललित चौधरी, उमेश राज, सूरज कुमार एवं रेखा भट्ट सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
फोटो - एसपी रेखा यादव की मौजूदगी में करोड़ों रुपये की हेरोइन के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपी और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली चम्पावत पुलिस व एसओजी टीम।